आगरा नगर निगम के विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी
आगरा नगर निगम के विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। पार्षदों द्वारा सदन में सड़क निर्माण में गड़बड़ी का मुद्दा उठाए जाने के बाद महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण में नाले टूटी अवस्था में मिले, इंटरलॉकिंग अधूरी मिली और क्षेत्रीय लोगों ने सड़क पर डामरीकरण न होने के आरोप लगाए। महापौर ने इसे “बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की बू” बताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई।
महापौर ने अधिशासी अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को फटकारते हुए कहा कि निगम अधिकारी और ठेकेदार जनता के पैसों का बंदरबांट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वे पूरे शहर में जाकर निगम द्वारा किए गए विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगी और सीधे जनता से फीडबैक लेंगी। महापौर ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप भ्रष्टाचार के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ अपनाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने महापौर से ईंट मंडी क्षेत्र के अवैध अतिक्रमण को हटवाने की मांग की। लोगों ने बताया कि यहां हमेशा ट्रक और ट्रैक्टर खड़े रहते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और धूल-मिट्टी से घरों में गंदगी फैलती है। महापौर ने तुरंत नगर निगम अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि ईंट मंडी के नाम पर खड़े अवैध अतिक्रमण को हटाया जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।