100 फीट गहरे जहरीले कुएं से महिला को जिंदा निकाला, फायरमैन अमरजीत चौधरी ने दिखाई अदम्य बहादुरी
आगरा। थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के ग्राम कासगंज में एक महिला के 100 फीट गहरे कुएं में गिर जाने से हड़कंप मच गया। करीब चार फीट चौड़े इस कुएं में जहरीली मीथेन गैस मौजूद थी, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण बन गया। लेकिन फायर सर्विस की तत्परता और फायरमैन अमरजीत चौधरी की बहादुरी ने एक महिला की जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी अधिकारी बाह रेस्क्यू यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण में पाया गया कि कुआं लगभग 100 फीट गहरा और मात्र चार फीट चौड़ा था। साथ ही उसके भीतर जहरीली मीथेन गैस भरी हुई थी, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले विशेष तकनीक का उपयोग करते हुए कुएं में पानी का स्प्रे कराया, जिससे जहरीली मीथेन गैस के प्रभाव को कम किया जा सके। सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के बाद महिला को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई।
इसके बाद फायरमैन अमरजीत चौधरी ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर कुएं में उतरने का निर्णय लिया। उन्होंने सुरक्षा उपकरण, बीएस सेट, हार्नेस और रस्सियों की सहायता से कुएं में प्रवेश किया और महिला तक पहुंचकर उसे सुरक्षित तरीके से बांधा।
काफी मशक्कत के बाद महिला को सकुशल कुएं से बाहर निकाल लिया गया। बाहर आते ही मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाह भेजा गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार किया गया।
फायरमैन अमरजीत चौधरी की इस बहादुरी की स्थानीय लोगों ने सराहना की। विषैली गैस से भरे संकरे और गहरे कुएं में उतरकर एक महिला की जान बचाना न केवल साहस का परिचायक है, बल्कि मानव सेवा और कर्तव्य के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण भी है।
यह रेस्क्यू ऑपरेशन फायर सर्विस की दक्षता, त्वरित कार्रवाई और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में भी मानव जीवन बचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।