मथुरा-आगरा हाईवे पर भीषण बस हादसा: दो महिलाओं की मौत, 15 यात्री घायल
आगरा। मथुरा-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिला यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा फरह क्षेत्र के महुअन टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार रोडवेज की अनुबंधित बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। घायलों में अधिकांश यात्री आगरा के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोडवेज की अनुबंधित बस मथुरा से यात्रियों को लेकर आगरा होते हुए फिरोजाबाद जा रही थी। दोपहर करीब एक बजे फरह टोल प्लाजा के निकट अचानक चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। बस डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और टोलकर्मी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में आगरा के आंवलखेड़ा क्षेत्र के अगरपुर निवासी संगीता पत्नी भीमसेन तथा मथुरा के मगोर्रा क्षेत्र निवासी चंचल कुमारी पुत्री रामवीर चाहर की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में आगरा के नैनाना जाट निवासी भूरी देवी, मिढाकुर क्षेत्र की मंजू, आंवलखेड़ा की बेबी, खंदौली के अजय और अनीता, नाई की मंडी की कृष्णा शर्मा, कैंट क्षेत्र की पूजा शर्मा तथा नवीन गल्ला मंडी की निशा सहित कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनके अलावा फरीदाबाद निवासी शिवम और उनकी मां ललिता, फिरोजाबाद निवासी निशा तथा सिदिक्षा द्विवेदी भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों की स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन वाहनों की सुरक्षित संचालन व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।