थाना प्रभारी पवन कुमार सैनी के नेतृत्व में कमला नगर पुलिस की बड़ी सफलता, 16 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा
आगरा। थाना कमला नगर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का मात्र 16 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई बाइक बरामद कर ली। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, वादी द्वारा थाना कमला नगर में सूचना दी गई थी कि 6 जून 2026 की रात उसके घर के बाहर गली में खड़ी मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना कमला नगर में मु0अ0सं0 122/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मोटरसाइकिल चोरी के सफल अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर 7 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए भारत को वाटर वर्क्स चौराहे से तथा राहुल को नगला छिद्दा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बाइक चोरी की घटना स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर मनोहरपुर क्षेत्र से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस ने बरामद वाहन को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई के पीछे थाना प्रभारी पवन कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की सक्रियता और प्रभावी कार्यशैली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और जनसुरक्षा को लेकर उनकी कार्यशैली की अक्सर सराहना की जाती है। उनके निर्देशन में कमला नगर पुलिस लगातार अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
मात्र 16 घंटे के भीतर चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और बाइक की बरामदगी पुलिस की सतर्कता, कुशल विवेचना और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अपराधियों के लिए कड़ा संदेश बताया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनका संबंध किसी वाहन चोरी गिरोह से तो नहीं है। थाना कमला नगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।