सिकंदरा में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, चार जुआरी गिरफ्तार, ₹26,400 नकद बरामद
आगरा। थाना सिकंदरा पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ताश के पत्ते और हजारों रुपये की नकदी बरामद की है, जबकि दो आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार थाना सिकंदरा क्षेत्र में नियमित चेकिंग और गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सब्जी मंडी के पीछे झाड़ियों में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मनोज खन्ना, विजय, पवन यादव और तुकमान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं अवनीश और छोटू नामक दो आरोपी पुलिस टीम को देखकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते तथा ₹26,400 नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर थाना सिकंदरा में मु0अ0सं0 281/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थाना सिकंदरा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।