शुक्ला मार्केट में फायरिंग और पत्थरबाजी से फैली दहशत, जगदीशपुरा पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 9 जून 2026

शुक्ला मार्केट में फायरिंग और पत्थरबाजी से फैली दहशत, जगदीशपुरा पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

शुक्ला मार्केट में फायरिंग और पत्थरबाजी से फैली दहशत, जगदीशपुरा पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के शुक्ला मार्केट में दो गुटों के बीच हुई फायरिंग और पत्थरबाजी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला किया, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल पैदा हो गया।

पुलिस के अनुसार सूचना प्राप्त हुई थी कि शुक्ला मार्केट में 7-8 व्यक्ति असलहों के साथ मौजूद हैं और एक-दूसरे पर फायरिंग तथा ईंट-पत्थर फेंक रहे हैं। घटना के चलते आसपास के घरों में रहने वाले लोग भयभीत होकर अपने घरों में छिप गए, जबकि सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हो गया।

सूचना मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही झगड़े में शामिल लोग भागने लगे। पुलिस ने मौके से विपिन, रोहित चौधरी, स्वप्निल सोलंकी और अतुल वर्मा को हिरासत में ले लिया। वहीं भाग रहे आरोपियों में से आदित्य चौधरी का पीछा कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आदित्य चौधरी के कब्जे से एक लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल, एक खोखा कारतूस तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटनास्थल से एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार भी बरामद की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों गुटों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग और पत्थरबाजी की गई, जिससे आम लोगों में दहशत फैल गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना जगदीशपुरा में मु0अ0सं0 396/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), सीएलए एक्ट तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था भंग करने और आमजन में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

video

Pages