आगरा में पुलिस भर्ती परीक्षा का पहला दिन: 5,863 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित, 19,673 ने दी परीक्षा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 9 जून 2026

आगरा में पुलिस भर्ती परीक्षा का पहला दिन: 5,863 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित, 19,673 ने दी परीक्षा

आगरा में पुलिस भर्ती परीक्षा का पहला दिन: 5,863 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित, 19,673 ने दी परीक्षा

आगरा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का पहला दिन मंगलवार को कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच संपन्न हुआ। जनपद के 28 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई, जहां प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे।

परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई। पहले दिन कुल 25,536 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन 19,673 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी, जबकि 5,863 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

आंकड़ों के अनुसार पहली पाली में 2,953 तथा दूसरी पाली में 2,910 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। भर्ती परीक्षा आगामी दो दिनों तक भी जारी रहेगी।

परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मनीष बंसल ने मंडलायुक्त एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय तथा आगरा कॉलेज सहित कई केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा प्रबंध, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीटिंग प्लान और बायोमेट्रिक सत्यापन व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए।

भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने दूसरी पाली के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर ग्रीन नेट अथवा शेड लगाने, शीतल पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति की प्रक्रिया छायादार स्थान पर कराने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी में परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

video

Pages