सैंया पुलिस का जुए के अड्डे पर छापा, 6 जुआरी गिरफ्तार, ₹42,770 नकद बरामद
आगरा। अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैंया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे छह जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से हजारों रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन, प्रभारी पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सैंया के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना सैंया पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धाना, मौजा अयेला में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और छह जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से ₹42,770 नकद तथा 52 ताश के पत्तों की एक गड्डी बरामद की गई।
पुलिस द्वारा की गई बरामदगी के आधार पर थाना सैंया में मु0अ0सं0 113/2026 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने, सट्टेबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना सैंया पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।