फतेहाबाद पुलिस को मिली सफलता: चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार, एक बाल अपचारी अभिरक्षा में
आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सोमवार को पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति चोरी की बाइक और अवैध हथियार के साथ निबोहरा अंडरपास कट के पास खड़े हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान मोहित पुत्र नारायण सिंह निवासी करीलकी, राजाखेड़ा, राजस्थान के रूप में हुई। उसके साथ एक बाल अपचारी भी मौजूद था, जिसे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ के दौरान मोहित ने बताया कि उसने बाल अपचारी के साथ मिलकर करीब एक माह पूर्व वृंदावन क्षेत्र से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए दोनों ने बाइक की नंबर प्लेट हटाकर फेंक दी थी।
पुलिस द्वारा बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है। साथ ही अवैध हथियार रखने और वाहन चोरी के मामले में आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फतेहाबाद पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी, अवैध हथियार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।