छेड़छाड़ के मुकदमे का आरोपित निलंबित फायरमैन ‘कॉकरोच’ बनकर पहुंचा दीवानी, वीडियो वायरल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 9 जून 2026

छेड़छाड़ के मुकदमे का आरोपित निलंबित फायरमैन ‘कॉकरोच’ बनकर पहुंचा दीवानी, वीडियो वायरल

छेड़छाड़ के मुकदमे का आरोपित निलंबित फायरमैन ‘कॉकरोच’ बनकर पहुंचा दीवानी, वीडियो वायरल

आगरा। दीवानी न्यायालय परिसर में सोमवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब छात्रा से छेड़छाड़ के मुकदमे में आरोपित और निलंबित फायरमैन वर्दी पहनकर ‘कॉकरोच’ के रूप में अदालत पहुंच गया। उसके अनोखे विरोध प्रदर्शन को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, महाराजगंज में तैनात रहे निलंबित फायरमैन जितेंद्र राठौर के खिलाफ वर्ष 2024 में एक छात्रा ने छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। मामला थाना न्यू आगरा थाना में दर्ज हुआ था और वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। मुकदमा दर्ज होने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था।

सोमवार को मामले की सुनवाई की तारीख पर जितेंद्र राठौर फायरमैन की वर्दी पहनकर और चेहरे पर काली पॉलीथीन लगाकर कॉकरोच का रूप धारण कर दीवानी पहुंचे। वह घुटनों के बल चलते हुए परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। गेट नंबर चार पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद वह वहीं धरने पर बैठ गए।

जितेंद्र राठौर का कहना था कि आईजीआरएस पर पुलिस द्वारा दी गई एक रिपोर्ट में उन्हें अपराधी नहीं माना गया, फिर भी वे पिछले दो वर्षों से न्याय के लिए भटक रहे हैं। उनका आरोप है कि एक परिवार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उनके विरुद्ध साजिश रची गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि वह "कॉकरोच" नाम से एक कोचिंग सेंटर संचालित करते हैं और स्वयं को "कॉकरोच पार्टी" का समर्थक बताते हैं।

कुछ देर बाद सुरक्षा कर्मियों ने उनसे कॉकरोच का रूप हटाने को कहा। निर्धारित सुरक्षा नियमों के पालन के बाद उन्हें न्यायालय परिसर में प्रवेश की अनुमति दे दी गई।

यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। इसलिए आरोपों की सत्यता पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। वहीं, दीवानी परिसर में किए गए इस अनोखे प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

video

Pages