जिलाधिकारी आगरा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त फीडबैक की समीक्षा बैठक हुई संपन्न।
आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में शिथिलता क्षम्य नही,त्रुटियुक्त आख्या अंकित किये जाने पर होगी कठोरतम कार्यवाही-डीएम
समीक्षा में गुणवत्तायुक्त आख्या नही पाये जाने पर जिला स्तरीय/विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी होगी तय
अधिशासी अभियंता सिंचाई व क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित पर सो कॉज नोटिस
जिला आपूर्ति अधिकारी के लगातार आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतकर्ता संतुष्टि में शीर्ष पर रहने पर जिलाधिकारी ने की सराहना
आगरा:- जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त फीडबैक की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने प्राप्त विभिन्न असंतुष्टि प्रकरण में लगाई गई आख्या की समीक्षा की, अपलोड की गई आख्याओं में कमियां पाए जाने पर संबंधित से जवाब तलब किया गया, विभिन्न प्रकरणों में स्वास्थ्य विभाग, विद्युत, जलनिगम, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग आदि की अस्पष्ट,गुणवत्ताहीन आख्या पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया तथा आख्या व निस्तारण में भविष्य में सुधार लाने व गुणवत्तापूर्ण आख्या लगाये जाने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाता है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा त्रुटिपूर्ण आख्या स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी शिकायतकर्ता से वार्ता कर, स्थलीय जांच कराते हुए फोटोग्राफ सहित स्पॉट मेमो तैयार करें तथा संतुष्टि अथवा असंतुष्टि की स्थिति स्पष्ट रूप से अंकित करते हुए आख्या पोर्टल पर अपलोड करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने आईजीआरएस व सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के टाॅप-10 गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा टाॅप-10 बाॅटम विभागों की अपलोड आख्या तलब की, जिसमें जिला आपूर्ति अधिकारी के लगातार आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतकर्ता संतुष्टि में शीर्ष पर रहने पर जिलाधिकारी ने सराहना की, डीएसओ कार्यालय में प्राप्त 176 में 172 शिकायतकर्ता द्वारा संतुष्टि व्यक्त की गई, जिलाधिकारी महोदय ने अन्य अधिकारियों को भी प्रेरणा लेने व अधीनस्थों द्वारा अपलोड की जा रही आख्याओं को क्रास चेक करने के निर्देश के साथ शिकायतकर्ता से वार्ता करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई व क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के बिना सूचना अनुपस्थित पर सो कॉज नोटिस देने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में राजस्व विभाग की समीक्षा में अधिकांश असंतुष्टि प्रकरण, चकरोड पैमाइश तथा चकरोड पर मिट्टी का कार्य कराये जाने से सम्बन्धित पाये जाने पर जिलाधिकारी महोदय ने ऐसे सभी प्रकरणों को सूचीबद्ध कर चकरोड पैमाइश, मुड्डी चिन्हांकन व चकरोड पर मिट्टी का कार्य कराये जाने को निर्देशित किया। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी,डूडा, जिला पंचायतराज,जल निगम,अल्पसंख्यक कल्याण, जिला दिव्यांग सशक्तिकरण आदि विभागों के असंतुष्टि प्रकरण पर नाराजगी व्यक्त की तथा प्राप्त शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देशित किया कि जिस अधिकारी या संबंधित विभाग की लापरवाही से जनपद की आईजीआरएस रैंकिंग प्रभावित होगी, उसकी जिम्मेदारी तय करते हुए उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस प्रकरणों का निस्तारण पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि आमजन को समयबद्ध न्याय मिल सके और जनपद की रैंकिंग में सुधार हो।
बैठक में सीडीओ श्रीमती प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) संदीप वर्मा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्रीमती पूजा यादव, अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकाॅल) अमरेन्द्र, बीएसए राकेश कुमार सिंह, डीआईओएस रविन्द्रपाल, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, पीडीडीआरडीए रेनू कुमारी,डीसी मनरेगा रामायन सिंह यादव, एआरटीओ आलोक अग्रवाल, डीपीआरओ मनीष कुमार सहित जनपद के सभी विभागों के अधिकारीगण व उप जिला मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, बीडीओ आदि उपस्थित रहे।
------------