अछनेरा थाने का आकस्मिक निरीक्षण, अभिलेखों से लेकर हेल्पडेस्क तक व्यवस्थाओं की जांच
आगरा। पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से प्रभारी पुलिस उपायुक्त पश्चिमी आगरा ने थाना अछनेरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर का विस्तृत भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों की जांच की गई और उनके अद्यतन रखरखाव की समीक्षा की गई। साथ ही महिला हेल्पडेस्क एवं साइबर हेल्पडेस्क की कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष बल दिया गया।
अधिकारियों ने थाना परिसर में स्थापित बैरिकों एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया तथा आवश्यक सुधार एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ को जनसुनवाई, शिकायत निस्तारण, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था संबंधी मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी पुलिस उपायुक्त पश्चिमी ने कहा कि थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता के प्रति सकारात्मक व्यवहार अपनाने तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आकस्मिक निरीक्षण का उद्देश्य थाना स्तर पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा पुलिस सेवाओं को आमजन के लिए अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाना है।