आगरा मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मण्डलायुक्त सभागार में सम्पन्न हुई।
आगरा- मण्डलायुक्त अमित गुप्ता की अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मण्डलायुक्त सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में मण्डलायुक्त ने सर्व प्रथम सभी जनपदों की जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि जनपद आगरा में माह मार्च तथा मैनपुरी, फिरोजाबाद, मथुरा में माह फरवरी व मार्च में कोई जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा की बैठक आयोजित नहीं की गई है, जिस पर मण्डलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए तथा प्रत्येक माह सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कराना सुनिश्चित करने को आदेशित किया, मण्डलायुक्त महोदय ने निर्देशित किया कि मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए निर्देश जिला स्तरीय बैठक में भी रखे जाएं। बैठक में नेशनल हाईवे पर अनधिकृत ढावों पर परिवहन विभाग की बसों के स्टॉपेज को रोकने, इस हेतु संबंधित डिपो को बसों की सूची बनाकर पत्र भेजने तथा पेट्रोलिंग करा के बसों का चालान करने, ढावों पर शराब की आपूर्ति व परोसने पर रोक लगाने के कड़ाई से निर्देश दिए। मंडलायुक्त महोदय ने प्राइवेट व परिवहन निगम की बस जो भगवान टॉकीज फ्लाईओवर, वाटरवर्क्स इत्यादि स्थानों पर निर्धारित स्थान से अन्य स्थानों पर से सवारी लेती हैं, जिससे जाम व दुर्घटना की आशंका रहती है तत्काल रोकने के निर्देश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को दिए तथा पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया कि ऐसी बसें जो निर्धारित स्थान पर खड़ी नही होती सभी का चालान करें। बैठक में एडीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि ऐसी 189 बसों का चालान किया गया है, जिस पर मंडलायुक्त ने क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश दिए कि वह बस चालक से उक्त चालान वसूल कर जमा कराएं तथा प्रगति रिपोर्ट दें।
बैठक में यमुना एक्सप्रेस-वे एवं आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गये, बैठक में इस पर गम्भीरता से चर्चा की गई कि ओवर स्पीडिंग दुर्घटना का मुख्य कारण है, इस हेतु मण्डलायुक्त महोदय ने कहा कि सभी नेशनल हाइवे पर ओवर स्पीड चालान सिस्टम के स्थान पर औसत स्पीड के आधार पर कैमरायुक्त चालान सिस्टम लगाये जायें, इस पर एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि एनएच-2 पर सेव लाइफ फाउण्डेशन द्वारा सर्वे कराया गया है, फाउण्डेशन द्वारा 02 हाई स्पीड चालान कैमरे लगाये गये है तथा शेष कैमरों का टेण्डर कराया गया है, मण्डलायुक्त महोदय ने हाई स्पीड की जगह औसत स्पीड चालान कैमरे लगाये जाने के निर्देश दिए। बैठक में दुर्घटना में कमी लाये जाने हेतु सभी एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग इत्यादि पर वर्ष 2023 में चिन्हित किये गये नवीन ब्लैक स्पॉट पर मेडिकल सहायक एवं सड़क सुरक्षा के व्यापक प्रचार-प्रसार करने हेतु निर्देशित किया। दुर्घटना वाहुल्य क्षेत्र ग्राम अरतौनी पर अंडरपास बनाने हेतु एआरटीओ, एडीसीपी ट्रैफिक तथा एनएचएआई के अधिकारियों को मिलाकर एक कमेटी बनाने, वाटर वार्क्स व रामबाग के बीच रेलिंग की ऊंचाई को बढ़ाने, चौराहों पर ट्रैफिक लाइट की टाईम का रिव्यू करने के निर्देश दिए। बैठक में मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर नहर की टूटी पुलिया का निर्माण कराने, कुरावली में नियत स्थान पर बस न खड़ी कर अन्य स्थानों से सवारी भरने पर चालान कर बस चालक से चालान वसूली करने, ग्वालियर रोड पर साइनेज, टूटी रेलिंग, वैरिकेडिंग, अतिक्रमण, ब्लैक स्पॉट की जांच हेतु सीओ ट्रैफिक, एआरटीओ व एनएचएआई के अधिकारियों के साथ भौतिक स्थिति का जायजा लेकर रिपोर्ट देने, बिना हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट के संचालित वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में पंजीकृत स्कूल बसों से इतर अन्य प्राइवेट बसों द्वारा बच्चों को लाने ले जाने पर रोक लगाने तथा उनका चालान करने के निर्देश दिए। बैठक में टोल प्लाजा से गुजरने वाले ओवर लोड माल वाहनों की सूची कौरई टोल प्लाजा द्वारा माह नवम्बर 2022 के बाद तथा जाजऊ टोल प्लाजा सैयां द्वारा माह फरवरी 2023 के बाद से सूची उपलब्ध न कराये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त कर चेतावनी जारी करने तथा ओवर लोड वाहनों की सूची तत्काल परिवहन विभाग आगरा को उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए।
बैठक में माह अप्रैल 2022 से मार्च 2023 तक ओवर लोड माल वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही के विवरण में बताया गया कि जनपद आगरा में 10779 वाहनों के चालान तथा 882 वाहनों को बंद किया गया था 345.60 लाख रूपया प्रशमन शुल्क वसूला गया। जनपद फिरोजाबाद में 459 वाहनों का चालान व 192 वाहन बंद कर 186.31 लाख रूपया तथा जनपद मैनपुरी में 203 वाहनों का चालान व 104 वाहन बंद किये व 111.78 लाख रूपया तथा जनपद मथुरा में 9924 चालान व 623 वाहन बंद व 408.61 लाख रूपया प्रशमन सुल्क वसूला गया। मण्डलायुक्त महोदय ने टी0टी0 जैड में संचालित 15 वर्ष पुराने संचालित वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही करने, बिना बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, अनाधिकृत गैस किट, बिना परमिट, फिटनेस व पंजीयन के चल रहे वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही करने, वाहन चलाते समय मोबाईल फोन का प्रयोग, बिना हेलमेट, बिना शीटबेल्ट लगाये वाहन चलाने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए गये।
बैठक में नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल, एआरटीओ (प्रवर्तन) ललित कुमार, बन्दना सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक अरूण चन्द, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन बी0पी0 अग्रवाल सहित मण्डल के परिवहन, लो0नि0वि0, एनएचएआई तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
----------------