परीक्षा परिणाम से हताश छात्र ने छोड़ा घर, यूपी-112 की सक्रियता से यमुना घाट पर मिला सुरक्षित - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 14 मई 2026

परीक्षा परिणाम से हताश छात्र ने छोड़ा घर, यूपी-112 की सक्रियता से यमुना घाट पर मिला सुरक्षित

परीक्षा परिणाम से हताश छात्र ने छोड़ा घर, यूपी-112 की सक्रियता से यमुना घाट पर मिला सुरक्षित

जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- उत्तर प्रदेश पुलिस की आपातकालीन सेवा यूपी-112 केवल एक हेल्पलाइन नंबर नहीं, बल्कि संकट के समय आमजन के लिए उम्मीद की एक किरण बन गई है। थाना कमला नगर क्षेत्र के एक छात्र ने परीक्षा परिणाम से निराश होकर घर छोड़ दिया, जिसे यूपी-112 की पीआरवी टीम ने चंद घंटों में सुरक्षित ढूंढकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कमला नगर पर परिजनों ने एक किशोर के लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा सक्रियता दिखाते हुए यह जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से साझा की गई। यूपी-112 की टीम को जैसे ही इस गुमशुदगी की सूचना प्राप्त हुई, पीआरवी टीम ने तत्काल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

त्वरित कार्यवाही करते हुए पीआरवी टीम ने यमुना घाट के आसपास तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान टीम को घाट के किनारे एक छात्र अकेला बैठा हुआ दिखाई दिया। हुलिए का मिलान होने पर पुलिस टीम ने छात्र से बात की और उसकी पहचान सुनिश्चित की। पूछताछ में पता चला कि छात्र अपने परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट और निराश था, जिसके कारण वह बिना बताए घर से निकल आया था।

पुलिस टीम ने छात्र को सांत्वना दी और उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने लाडले को सही-सलामत वापस पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। परिजनों ने आगरा पुलिस और विशेष रूप से यूपी-112 की टीम का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता ने आज उनके घर का चिराग बुझने से बचा लिया।

संदेश:- यूपी-112 हर कठिन परिस्थितियों में लोगों का भरोसा है। यूपी-112 टीम 24 घंटे नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

video

Pages