आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव मकान के कमरे में मिला। वह पिछले छह साल से अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही थी। महिला दो बच्चों की मां थी और पति से अलग रह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को सूचना मिली थी कि इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित एक मकान के कमरे में महिला का शव मिला है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। महिला के लिव-इन पार्टनर से पूछताछ की जा रही है। वहीं, उसके बच्चों और परिजनों से भी संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।