एक ही मोहल्ले के 5 युवकों का बाइक चोर गैंग बेनकाब, पार्ट्स बेचकर करते थे कमाई - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 4 मई 2026

एक ही मोहल्ले के 5 युवकों का बाइक चोर गैंग बेनकाब, पार्ट्स बेचकर करते थे कमाई

एक ही मोहल्ले के 5 युवकों का बाइक चोर गैंग बेनकाब, पार्ट्स बेचकर करते थे कमाई

आगरा। थाना मलपुरा पुलिस ने सर्विलांस (पश्चिमी जोन) टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक ही मोहल्ले के रहने वाले 5 युवकों को गिरफ्तार किया है, जो संगठित तरीके से बाइक चोरी कर उसके पार्ट्स कबाड़ियों को बेचते थे।

पुलिस के अनुसार, 1 मई को हरिशचन्द्र पुत्र हीरा सिंह निवासी कृष्ण कॉलोनी अजीजपुर धनौली ने थाना मलपुरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 अप्रैल की रात मिर्जापुर नहर के पास शौच के दौरान उसकी खड़ी बाइक और डिग्गी में रखा मोबाइल चोरी हो गया। इस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान 2 मई को पुलिस टीम ने जखौदा रेलवे ओवरब्रिज, रोहता नहर के पास से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 3 मोटरसाइकिल (2 चोरी की, 1 घटना में प्रयुक्त), एक वीवो कंपनी का चोरी का मोबाइल, 4 मोबाइल (घटना में प्रयुक्त) और 1350 रुपये बरामद किए गए। आरोपियों की निशानदेही पर पांचवें साथी आमिर खान को रोहता चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे सभी एक ही गांव/मोहल्ले के रहने वाले हैं और मिलकर गिरोह बनाकर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स फेरी लगाने वाले कबाड़ियों को बेच देते थे। एक बाइक का इंजन निकालकर उसे हथौड़े से नंबर मिटाकर मनोज की स्प्लेंडर बाइक में लगा दिया गया था।

अभियुक्तों ने यह भी कबूल किया कि उन्होंने सिकंदरा क्षेत्र के पनवारी पुल के नीचे से भी कुछ दिन पहले बाइक चोरी की थी। बरामद नकदी उसी चोरी के सामान को बेचकर हासिल की गई थी, जबकि मोबाइल फोन आपसी संपर्क और योजना बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाते थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
मनोज ठाकुर, मनीष डगोर, गोविंद ठाकुर, उदय कुशवाह और आमिर खान—सभी निवासी नैनाना जाट, थाना सदर/सदर बाजार, आगरा।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस खुलासे से क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोरी गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।

video

Pages