दलित अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस बनाएगी मजबूत लीगल टीम: मेघा सेहरा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 3 मई 2026

दलित अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस बनाएगी मजबूत लीगल टीम: मेघा सेहरा

दलित अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस बनाएगी मजबूत लीगल टीम: मेघा सेहरा

आगरा। ताजनगरी में अधिवक्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों और दलित समुदाय के सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ। यह बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय समन्वयक (एआईसीसी-एससी विभाग) एडवोकेट मेघा सेहरा ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा से समावेशी और सामाजिक न्याय पर आधारित रही है। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा बनाए गए श्रम कानून और संवैधानिक सुरक्षा तंत्र आज भी समाज की मजबूत नींव हैं।

मेघा सेहरा ने जोर देकर कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान समय तक अधिवक्ताओं ने समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बढ़ते सामाजिक भेदभाव और घृणा को समाप्त करने के लिए वकीलों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इसी दिशा में कांग्रेस द्वारा जिला स्तर पर एक सशक्त लीगल टीम गठित करने का निर्णय लिया गया है, जो समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को त्वरित और प्रभावी न्याय दिलाने में मदद करेगी।

बैठक में राहुल गांधी के विजन और राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से सामाजिक समानता और अधिकारों की लड़ाई को प्राथमिकता दी है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को सबसे पहले कांग्रेस ने ही प्रमुखता से उठाया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिवक्ताओं ने एक स्वर में दलित समाज के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ संगठित होकर विधिक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय अधिवक्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सामाजिक न्याय की इस मुहिम को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

video

Pages