आगरा में राज्यमंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने की समीक्षा बैठक, पारदर्शिता और समयबद्ध सेवाओं पर जोर
आगरा। रवीन्द्र जायसवाल, मा. राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए मंत्री ने राजस्व वृद्धि, पंजीयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सेवाएं समयबद्ध और सुचारू रूप से संचालित हों तथा जन शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री ने कहा कि विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अधिक सुविधा मिल सके। साथ ही, पंजीयन कार्यालयों में साफ-सफाई, सुव्यवस्था और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं और कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की तथा मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन का आश्वासन दिया।