दो उन्नत नस्ल की गाय खरीदने पर मिलेगा 80 हजार रुपये तक अनुदान - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 26 जून 2026

दो उन्नत नस्ल की गाय खरीदने पर मिलेगा 80 हजार रुपये तक अनुदान

दो उन्नत नस्ल की गाय खरीदने पर मिलेगा 80 हजार रुपये तक अनुदान

10 जुलाई तक करें आवेदन, महिलाओं को दी जाएगी प्राथमिकता

Nandbabadugdhmission.up.gov.in पोर्टल पर करें आवेदन

आगरा:-अपर मुख्य सचिव पशुधन दुग्ध विकास एवं मत्स्य विभाग उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ मुकेश कुमार मेश्राम द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने व ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि के लिए प्रदेश सरकार ने गोपालकों को बड़ा अवसर दिया है। यह जानकारी मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. डी. के. पाण्डेय ने देते हुए बताया है कि नंद बाबा दुग्ध मिशन में संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना में दो उन्नत नस्ल की गाय खरीदने पर पात्र लाभार्थियों को अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा। इसके लिए 11 जून से 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. डी. के. पाण्डेय ने बताया कि जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह के कुशल नेतृत्व में मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना हेतु प्रचार-प्रसार कर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जनपद आगरा को वर्तमान वित्तीय वर्ष (2026-2027) में कुल 28 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें 14 महिलाओं तथा 14 पुरुषों का चयन किया जाना है। अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त होने पर ई-लॉटरी द्वारा चयन की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। यह सम्पूर्ण प्रक्रिया दुग्ध विकास विभाग द्वारा पूर्ण की जाएगी।
इस योजना के अंतर्गत बाहरी राज्यों से गिर, साहीवाल, थारपारकर व हरियाणा नस्ल की स्वदेशी उन्नत गायों की खरीद पर अनुदान दिया जाएगा। लाभार्थी को दो गायों की इकाई स्थापित करनी होगी। इकाई की कुल लागत का 40 प्रतिशत (अधिकतम 80,000 रुपये) अनुदान के रूप में प्रदान किया जाएगा।
योजना में महिला गोपालकों व दुग्ध उत्पादकों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।
खरीदी जाने वाली गाय प्रथम या द्वितीय ब्यांत की होनी चाहिए। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के पास पहले से एक से अधिक स्वदेशी नस्ल के गोवंश नहीं होने चाहिए तथा उसे कम से कम तीन वर्ष तक गोपालन करने संबंधी शपथ पत्र भी देना होगा।
अनुदान प्राप्त करने के लिए लाभार्थी को निम्न दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे:
गाय खरीद की रसीद, तीन वर्ष का बीमा प्रमाण पत्र, पशुशाला निर्माण में प्रयुक्त सामग्री का विवरण, चारा मशीन खरीद का प्रमाण पत्र, अन्य आवश्यक दस्तावेज। इच्छुक गोपालक नंद बाबा दुग्ध मिशन के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. डी. के. पाण्डेय ने ग्रामीण युवाओं, पशुपालकों व दुग्ध उत्पादकों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
-------------

video

Pages