लुटेरों पर शिकंजा: छलेसर बाइक-मोबाइल लूटकांड का तीसरा फरार आरोपी भी चढ़ा बरहन पुलिस के हत्थे
थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी की अगुवाई में टीम ने घेराबंदी कर उलाऊ से दबोचा; मामले में दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
जनपद आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आगरा की बरहन थाना पुलिस ने लूट की वारदात में लंबे समय से वांछित चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सटीक सूचना पर उलाऊ गांव से दबोच लिया। इस मामले में शामिल दो आरोपियों को बरहन पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, गत 2 मार्च 2026 को पीड़िता ने थाना बरहन में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह छलेसर से अपनी मोटरसाइकिल द्वारा घर लौट रहा था, तभी ग्राम बारीखाँ के पास पीछे से आए तीन बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इस दौरान पीड़ित बाइक समेत सड़क पर गिर गया। मौका देखकर आरोपी उसकी मोटरसाइकिल भी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी, जिसे विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर धारा 309(4)/317(2) बीएनएस में तब्दील किया गया।
पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त एत्मादपुर के कुशल नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को बरहन थाना पुलिस चेकिंग व गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल वांछित आरोपी उलाऊ क्षेत्र में मौजूद है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी के नेतृत्व में एसआई राजेश कुमार साहू, एसआई आदित्य चौधरी, एसआई सतवीर सिंह और मुख्य आरक्षी वेदप्रकाश व नरेन्द्र की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।