ट्रांस यमुना पुलिस का शिकंजा: 1.282 किलो गांजा और नकदी के साथ तस्कर गिरफ्तार
आगरा। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1 किलो 282 ग्राम गांजा तथा बिक्री से प्राप्त 730 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जेनेक्स मिड-डे स्कूल के पास, कांशीराम आवास योजना कॉलोनी विस्तार क्षेत्र के एक खाली मैदान में एक व्यक्ति आने-जाने वालों को गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल उर्फ सोनू चुर्रा पुत्र बलवीर, निवासी विद्या नगर, टेड़ी बगिया, थाना ट्रांस यमुना, आगरा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.282 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 730 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
बरामदगी के आधार पर थाना ट्रांस यमुना में मु0अ0सं0 223/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, आरोपी राहुल उर्फ सोनू चुर्रा के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, चोरी, आबकारी एवं अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
ट्रांस यमुना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।