आगरा में सड़क हादसे के बाद उपद्रव फैलाने वाले दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 20 जून 2026

आगरा में सड़क हादसे के बाद उपद्रव फैलाने वाले दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई

आगरा में सड़क हादसे के बाद उपद्रव फैलाने वाले दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई

आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस ने सड़क दुर्घटना के बाद हुए उपद्रव, सरकारी कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 15 जून को फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर ग्राम पूठपुरा उझावली के पास हुए सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनमें से एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों और अन्य लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की, उपद्रव किया तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। मामले में थाना फतेहाबाद पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।

गुरुवार को थाना फतेहाबाद पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश एवं चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शंकरपुर घाट पुल के पास दबिश देकर दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदेव पुत्र हुकुम सिंह निवासी ग्राम पिन्नापुरा, थाना फतेहाबाद तथा मिठु पुत्र रामप्रसाद निवासी ग्राम नागर, थाना निबोहरा के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी सड़क जाम और उपद्रव की घटना में सक्रिय रूप से शामिल थे।

थाना फतेहाबाद पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

video

Pages