आगरा:प्रेम संबंधों में बाधक बना भाई तो उतार दिया मौत के घाट, सदर बाजार पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 20 जून 2026

आगरा:प्रेम संबंधों में बाधक बना भाई तो उतार दिया मौत के घाट, सदर बाजार पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

आगरा:प्रेम संबंधों में बाधक बना भाई तो उतार दिया मौत के घाट, सदर बाजार पुलिस ने 24 घंटे में किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

आगरा। थाना सदर बाजार क्षेत्र के सुल्तानपुरा इलाके में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए हत्या की साजिश में शामिल एक अभियुक्त और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके सगे भाई ने ही प्रेम संबंधों में बाधा बनने के कारण की थी।

पुलिस के अनुसार, छोटी बस्ती निवासी अमित उर्फ सोमू (22) आगरा कैंट क्षेत्र के एक रेस्तरां में कार्यरत था। बुधवार सुबह उसका रक्तरंजित शव सुल्तानपुरा क्षेत्र के एक खेत में मिला था। शव के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई थी।

घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि मृतक का छोटा भाई भोलू अपनी भाभी खुशी के साथ अवैध संबंधों में था। अमित इन संबंधों का विरोध करता था और दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहता था। इसी कारण भोलू और खुशी ने अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घटना वाली रात भोलू अमित को बहाने से खेतों की ओर ले गया, जहां उसने पहले पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद पहचान छिपाने और मौत सुनिश्चित करने के लिए गमछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपी ने मामले को भटकाने के लिए किसी अन्य व्यक्ति पर शक जताने का प्रयास भी किया।

थाना सदर बाजार पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए साजिश में शामिल अभियुक्त भोलू और अभियुक्ता खुशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। प्रेम संबंधों और पारिवारिक विवाद की परिणति एक युवक की निर्मम हत्या के रूप में सामने आई, जिसका खुलासा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कर दिया।

video

Pages