दिनदहाड़े महिला की चेन छीनने वाला बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार, छीनी गई चेन बरामद
आगरा। थाना जगदीशपुरा पुलिस ने दिनदहाड़े महिला के गले से पीली धातु की चेन छीनकर फरार हुए आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई टूटी हुई चेन, एक मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में एक महिला अपने घर से जोरावर नगर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश ने उनके गले से चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर थाना जगदीशपुरा में मु0अ0सं0 437/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए ओमप्रकाश कुशवाह पुत्र बांकेलाल को 08 नंबर फाटक रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई टूटी हुई पीली धातु की चेन, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।