आगरा में रील बनाने के चक्कर में ऑटो से खतरनाक स्टंट, सड़क पर पलटा वाहन; पुलिस ने काटा ₹5 हजार का चालान - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 18 जुलाई 2026

आगरा में रील बनाने के चक्कर में ऑटो से खतरनाक स्टंट, सड़क पर पलटा वाहन; पुलिस ने काटा ₹5 हजार का चालान

आगरा में रील बनाने के चक्कर में ऑटो से खतरनाक स्टंट, सड़क पर पलटा वाहन; पुलिस ने काटा ₹5 हजार का चालान

आगरा। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में लोग अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। आगरा में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां एक ऑटो चालक ने रील बनाने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंट किया। स्टंट के दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन का ₹5,000 का चालान कर दिया।

वायरल हो रहे 26 सेकंड के वीडियो में ऑटो चालक वाहन को लहराते हुए दो पहियों पर चलाता दिखाई देता है। कुछ देर तक स्टंट करने के बाद चालक ऑटो को पीछे की ओर मोड़ने की कोशिश करता है, लेकिन संतुलन बिगड़ने से ऑटो सड़क पर पलट जाता है। हादसे में चालक को भी चोट आई।

वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला यातायात पुलिस के संज्ञान में आया। जांच में पता चला कि यह घटना थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की है।

अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अलका सिंह ने बताया कि मामले की जांच के बाद संबंधित ऑटो पर ₹5,000 का शमन शुल्क (चालान) लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क पर इस तरह के स्टंट न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा हैं।

पुलिस के अनुसार, संबंधित ऑटो की स्वामिनी पिंकी कुमारी, निवासी जगनेर रोड, प्रतापपुरा धनौली हैं। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि नियमों के उल्लंघन को देखते हुए ऑटो को सीज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट न करें। पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा, "स्टंट सड़क पर नहीं, सिर्फ फिल्मों में अच्छे लगते हैं।"

video

Pages