आगरा मेट्रो को मिली बड़ी रफ्तार: सिकंदरा विस्तार के सभी 152 पिलर तैयार, जल्द बढ़ेगा प्रथम कॉरिडोर का दायरा
आगरा। आगरा मेट्रो परियोजना तेजी से अपने अगले चरण की ओर बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने प्रथम कॉरिडोर के सिकंदरा विस्तार कार्य में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए सिकंदरा डेड एंड तक सभी 152 पियर (पिलर) का निर्माण पूरा कर लिया है। इसके साथ ही प्रथम कॉरिडोर के विस्तार की दिशा में परियोजना ने एक अहम पड़ाव पार कर लिया है। यूपीएमआरसी का लक्ष्य जल्द से जल्द इस विस्तारित हिस्से पर भी यात्री सेवाएं शुरू करना है।
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, प्रथम कॉरिडोर के शेष एलिवेटेड सेक्शन, यानी खंदारी स्थित आरबीएस कॉलेज रैंप से सिकंदरा तक, कुल 722 पाइल, 152 पाइलकैप और 152 पियर का निर्माण प्रस्तावित था। अब इस पूरे सेक्शन में सभी पाइल, पाइलकैप और पिलर का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।
निर्माण कार्य की इस उपलब्धि के बाद अब सुपर स्ट्रक्चर के कार्य में और तेजी लाई जा रही है। परियोजना के तहत अब तक 115 पियरकैप और 220 यू-गर्डर का निर्माण भी पूरा किया जा चुका है। इन संरचनाओं की कास्टिंग अरतौनी स्थित कास्टिंग यार्ड में की जा रही है, जहां इंजीनियरों और तकनीकी टीम द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है।
यूपीएमआरसी के अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए इंजीनियरिंग टीमें दिन-रात जुटी हुई हैं। लक्ष्य है कि आगरावासियों को जल्द से जल्द आधुनिक, सुरक्षित और सुगम मेट्रो सेवा का विस्तारित लाभ मिल सके।
वर्तमान में आगरा मेट्रो का संचालन ताज ईस्ट गेट स्टेशन से मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक सफलतापूर्वक किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री मेट्रो सेवा का उपयोग कर रहे हैं।
इसके अलावा प्रथम कॉरिडोर के भूमिगत हिस्से के मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आरबीएस कॉलेज स्टेशन का निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है। सभी स्टेशन यात्री सेवाएं शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अब सिकंदरा विस्तार के निर्माण कार्य में मिली इस प्रगति से उम्मीद है कि प्रथम कॉरिडोर का पूरा विस्तार जल्द ही यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।