विवेकानन्द यूथ अवार्ड के लिए आवेदन आमंत्रित, 22 जुलाई 2026 तक करें आवेदन
15 से 35 वर्ष के युवा विवेकानन्द यूथ अवार्ड हेतु करें आवेदन, मिलेगा ₹50 हजार का पुरस्कार
उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को मिलेगा विवेकानन्द यूथ अवार्ड, जिला युवा कल्याण विभाग ने मांगे आवेदन
आगरा:-जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने अवगत कराया है कि महानिदेशक, प्रान्तीय रक्षक दल/विकास दल एवं युवा कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु व्यक्तिगत श्रेणी के अंतर्गत विवेकानन्द यूथ अवार्ड प्रदान किए जाने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शासनादेश दिनांक 01 सितंबर 2022 के अनुसार 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवक एवं युवतियां, जिन्होंने 01 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2025 के मध्य खेलकूद, सामाजिक वृक्षारोपण, परिवार कल्याण, अल्प बचत, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय की स्थापना एवं संचालन, जैविक खेती, सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना, स्वच्छता अभियान, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति एवं साहित्य, मानवाधिकार संरक्षण, पारम्परिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा, खेल, शैक्षिक उत्कृष्टता तथा स्मार्ट लर्निंग आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य किया है, वे इस पुरस्कार हेतु आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित प्रतिभागियों को ₹50,000 की नकद धनराशि, स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। किसी एक या अधिक निर्धारित क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पात्र अभ्यर्थी आवेदन करने के लिए पात्र होंगे।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने जनपद के इच्छुक महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने उत्कृष्ट कार्यों के समस्त प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक अभिलेखों सहित अपना आवेदन 22 जुलाई 2026 तक जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय, आगरा में निर्धारित समयावधि के भीतर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।