आगरा: मेडिकल स्टोर गई युवती का अपहरण, थाना एकता पुलिस ने कुछ ही घंटों में सकुशल किया बरामद; आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना एकता क्षेत्र में मेडिकल स्टोर से दवा लेने गई युवती के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृत युवती को भी आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता ने थाना एकता में सूचना दी कि उनकी पुत्री शाम के समय दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर गई थी, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना एकता में मु0अ0सं0 249/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना एकता पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं और मुखबिर की सूचना के आधार पर तलाश शुरू की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रमाडा कट के पास से आरोपी देशराज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं युवती को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। थाना एकता पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।