आगरा: अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार
आगरा। थाना जगनेर क्षेत्र में विवाहिता को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर कथित रूप से प्रताड़ित करने और उसकी हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वादी ने थाना जगनेर में तहरीर देकर बताया कि उसकी भतीजी का विवाह 30 नवंबर 2025 को ग्राम सिगायच निवासी धर्मेंद्र पुत्र राकेश परमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से किया गया था। शादी के समय परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया था।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही धर्मेंद्र और उसके ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना करने लगे। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या कर दी गई।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना जगनेर में मु0अ0सं0 83/2026 के तहत धारा 80(2), 85, 115(2), 352, 351(3), 3(5), 61(2) बीएनएस तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना के दौरान थाना जगनेर पुलिस ने चेकिंग एवं गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मेंद्र को वरिगवाँ बुजुर्ग मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की आगे की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।