बसई सब्जी मंडी पर नगर निगम का बुलडोजर, सड़क और फुटपाथ से हटाया अवैध अतिक्रमण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 12 जुलाई 2026

बसई सब्जी मंडी पर नगर निगम का बुलडोजर, सड़क और फुटपाथ से हटाया अवैध अतिक्रमण

बसई सब्जी मंडी पर नगर निगम का बुलडोजर, सड़क और फुटपाथ से हटाया अवैध अतिक्रमण

आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र के बसई खुर्द स्थित बसई सब्जी मंडी में शनिवार सुबह नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। नगर निगम के सचल दल ने पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकानें लगाकर किए गए कब्जों को हटाते हुए बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे और अन्य अवैध अतिक्रमण हटाए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बसई सब्जी मंडी में लंबे समय से सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकानें लगाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। अतिक्रमण के कारण यहां प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे स्थानीय निवासियों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन कार्रवाई के बाद कई दुकानदारों ने दोबारा सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर लिया। इसे गंभीरता से लेते हुए शनिवार को दोबारा बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे हटाए गए और अतिक्रमण करने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि दोबारा सड़क या फुटपाथ पर अतिक्रमण किया गया तो उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने सड़क को पूरी तरह खाली कराया, जिससे यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। कार्रवाई के समय किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, आम नागरिकों को जाम से राहत दिलाना और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करना है।

video

Pages