ट्रक की केबिन बनी कत्लगाह: क्लीनर ने चालक को चाकुओं से गोदा, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात; आरोपी गिरफ्तार
आगरा। शमसाबाद थाना क्षेत्र के इरादतनगर रोड स्थित एमएलए कोल्ड स्टोर के पास शनिवार रात ट्रक की केबिन में हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुस्से में आए क्लीनर ने ट्रक चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। पूरी घटना ट्रक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कुंटुंब राव पुत्र पी. वेंकटेश्वर निवासी फेड़ावेगी मंडलम, गोदावरी जिला, आंध्र प्रदेश के रूप में हुई है। वह अपने क्लीनर नागराजू के साथ ट्रक लेकर एमएलए कोल्ड स्टोर में आलू लोड करने आया था। शनिवार रात दोनों ट्रक की केबिन में मौजूद थे, तभी किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर क्लीनर नागराजू ने आपा खो दिया और केबिन में रखे चाकू से चालक कुंटुंब राव के सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल चालक खून से लथपथ होकर केबिन में ही गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद ट्रांसपोर्टर और अन्य लोगों ने घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए जीआर हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी और थाना शमसाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
हत्या के बाद आरोपी क्लीनर मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के बीच मामूली विवाद की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।