आगरा: अंतरराज्यीय चोर गिरोह का शातिर सदस्य गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण बरामद; बासौनी पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई
आगरा। कमिश्नरेट आगरा की थाना बासौनी पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना बासौनी क्षेत्र निवासी श्रीमती रामकली पत्नी शिवनारायण ने 14 अप्रैल 2026 को अपने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना बासौनी पर मुकदमा संख्या 0011/2026 धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
इसके बाद 15 मई 2026 को वीरेंद्र सिंह तोमर निवासी ग्राम गंगावली ने अपने घर और पड़ोसी के मकान में चोरी होने की सूचना दी, जिस पर मुकदमा संख्या 0016/2026 धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए गठित विशेष टीम ने 16 जुलाई की रात मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान भभिया बाबा मंदिर के पास से अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य जगदीश पुत्र रामदयाल निवासी खुलावली, थाना देवगढ़, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चार पीली धातु की अंगूठियां, एक सफेद धातु की करधनी और एक जोड़ी सफेद धातु की पायल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उससे पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी और उसका गिरोह क्षेत्र तथा आसपास के जिलों में हुई अन्य चोरी और नकबजनी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।