आगरा: मंदिर और दुकानों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, पीतल का घंटा, डीवीआर और नकदी बरामद
आगरा। थाना किरावली पुलिस ने मंदिर और दुकानों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का पीतल का घंटा, एक डीवीआर और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, थाना किरावली क्षेत्र में हाल ही में चोरी की दो घटनाएं दर्ज हुई थीं। पहली घटना में श्रीराधा कृष्ण मंदिर से पीतल का घंटा और झालर चोरी कर ली गई थी, जबकि दूसरी घटना में एक दुकान का ताला तोड़कर डीवीआर और नकदी चोरी कर ली गई थी। दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी।
घटनाओं के खुलासे के लिए एसीपी अछनेरा के निर्देशन में थाना किरावली पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम विधापुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 500 रुपये नकद बरामद हुए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया पीतल का घंटा और डीवीआर भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान असगर पुत्र सुक्खी निवासी दौरैठा, पृथ्वीनाथ फाटक, थाना शाहगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
थाना किरावली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों से भी कोई संबंध है या नहीं।