कौशल विकास ही आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत, रूडसेट में युवाओं को मिला स्वरोजगार का मंत्र - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 16 जुलाई 2026

कौशल विकास ही आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत, रूडसेट में युवाओं को मिला स्वरोजगार का मंत्र

कौशल विकास ही आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत, रूडसेट में युवाओं को मिला स्वरोजगार का मंत्र

विश्व युवा कौशल दिवस पर खंदौली ब्लॉक प्रमुख "आशीष शर्मा" ने युवाओं को किया प्रेरित, सफल उद्यमियों का हुआ भव्य सम्मान

आगरा। रूडसेट संस्थान, आगरा में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंदौली के ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की।

कौशल आधारित प्रशिक्षण से ही संभव है आत्मनिर्भरता

युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आशीष शर्मा ने कौशल विकास की महत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा आज के आधुनिक दौर में केवल पारंपरिक शिक्षा ही काफी नहीं है। कौशल आधारित प्रशिक्षण ही आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने का सबसे सशक्त माध्यम है। यह प्रशिक्षण युवाओं को सिर्फ नौकरी ढूंढने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला (स्वरोजगारी) बनाता है।

सफल उद्यमियों का सम्मान और अनुभव साझाकरण

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वे पूर्व प्रशिक्षार्थी रहे, जिन्होंने रूडसेट संस्थान से ट्रेनिंग लेकर आज अपने पैर जमा लिए हैं और सफल व्यवसाय चला रहे हैं। मुख्य अतिथि ने इन सफल उद्यमियों को पट्टा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित उद्यमियों ने मंच से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे रूडसेट संस्थान के सटीक मार्गदर्शन और व्यावहारिक प्रशिक्षण ने उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने में मदद की।

कार्यक्रम के समापन सत्र में संस्थान की निदेशक संगीता कुजूर और आशीष शर्मा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी रुचि के अनुसार हुनर सीखें और स्वरोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएं।

इस पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन वरिष्ठ संकाय सदस्य बृज मोहन पाण्डेय और दिनेश तोमर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर संस्थान के ऑफिस असिस्टेंट गौरव शर्मा, विकास सिंह सहित संस्थान का समस्त स्टाफ, वर्तमान प्रशिक्षार्थी और बड़ी संख्या में पूर्व छात्र मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन दिया गया।

video

Pages