भक्ति के रंग में रंगा आगरा: छीपीटोला से ईदगाह कॉलोनी तक गूंजा जयकारा, पुष्पवर्षा के बीच हुआ दिगंबर संतों का भव्य मंगल विहार!
जनपद आगरा। ताजनगरी आगरा में गुरुवार की सुबह भक्ति, श्रद्धा और अध्यात्म के अनूठे संगम की गवाह बनी। अंकलीकर परम्पराचार्य श्री सौभाग्यसागर महाराज एवं स्थविस्थिर संत श्री सुरत्न सागराचार्य महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में आयोजित भव्य मंगल विहार ने पूरे क्षेत्र को धर्ममय बना दिया। छीपीटोला से शुरू हुआ यह भक्ति सफर जब ओल्ड ईदगाह कॉलोनी पहुंचा, तो श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।
जैसे ही दोनों आचार्य संघ का मंगल विहार छीपीटोला स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से प्रारंभ हुआ, पूरा मार्ग "गुरुदेव के जयकारों" से गुंजायमान हो उठा। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने घरों के बाहर और सड़कों पर खड़े होकर संतों पर पुष्पवर्षा की और आरती उतारी। अनेक स्थानों पर भक्तों ने अगाध श्रद्धा के साथ आचार्यों के पाद प्रक्षालन (चरण धोने की क्रिया) कर आशीर्वाद लिया।
महिला मंडल, युवा और बुजुर्ग सभी संतों के दर्शन पाने के लिए घंटों पहले से मार्ग में कतारबद्ध खड़े नजर आए। ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर पहुंचने पर संतों ने भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन किए। इसके बाद आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए परम्पराचार्य श्री सौभाग्यसागर महाराज ने बेहद प्रेरक और जीवनोपयोगी संदेश दिया। "धर्म केवल बाहरी पूजा-अर्चना या क्रियाकलापों तक सीमित नहीं है। यह संयम, सेवा, सदाचार और आत्मकल्याण का मार्ग है। हमारी श्रमण संस्कृति और पवित्र तीर्थों की रक्षा के लिए पूरे जैन समाज और संतों को एक साथ मिलकर कदम बढ़ाना होगा। जब प्रभावक संतों का तीर्थ क्षेत्रों में प्रवास होता है, तो न केवल धर्म की प्रभावना बढ़ती है, बल्कि हमारी नई पीढ़ी में भी धार्मिक संस्कारों का बीजारोपण होता है।
धर्मसभा में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आचार्यों के विचारों को आत्मसात करते हुए धर्म, संयम और तीर्थ संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि आचार्य संघ की अमृत वर्षा और मंगल विहार का अगला कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा: 17 जुलाई, प्रातः 6:00 बजे ओल्ड ईदगाह कॉलोनी जैन मंदिरश्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, परसपुरी (पश्चिमपुरी) दो दिवसीय पावन मंगल प्रवास परसपुरी प्रवास के उपरांतपरसपुरी जैन मंदिरसेक्टर-7 स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर