आगरा में स्कूल से निकलते ही छह वर्षीय मासूम को बाइक ने मारी टक्कर, मौत; दो महीने पहले डूबने से हुई थी भाई की भी मौत - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 14 जुलाई 2026

आगरा में स्कूल से निकलते ही छह वर्षीय मासूम को बाइक ने मारी टक्कर, मौत; दो महीने पहले डूबने से हुई थी भाई की भी मौत

आगरा में स्कूल से निकलते ही छह वर्षीय मासूम को बाइक ने मारी टक्कर, मौत; दो महीने पहले डूबने से हुई थी भाई की भी मौत

आगरा। आगरा के थाना निबोहरा क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। भोजपुर गांव के पास आंगनबाड़ी केंद्र से बाहर निकलते ही सिलेंडर लदी तेज रफ्तार बाइक ने बच्ची को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार रामगढ़ हीरापुरा निवासी मुकेश की छह वर्षीय बेटी जानवी भोजपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ती थी। सोमवार को दोपहर में लंच के बाद वह अपनी बड़ी बहन ज्योति और अन्य बच्चों के साथ केंद्र से बाहर निकली थी। इसी दौरान फतेहाबाद-निबोहरा रोड पर सिलेंडर लदी एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही थाना निबोहरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश में जुट गई है।

इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया गया कि जानवी के पिता मुकेश जयपुर में काम करते हैं। परिवार पर पहले ही दुखों का पहाड़ टूटा था, क्योंकि करीब दो महीने पहले उनके पांच वर्षीय बेटे हंसू की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई थी। अब बेटी की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है और गांव में भी शोक का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार बाइक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages