आगरा सुभाष बाजार हादसा: छह दिन बाद मिला गंगा देवी का शव, आगरा किला के पास नाले में कूड़े के ढेर से बरामद
आगरा। सुभाष बाजार में साड़ी की दो मंजिला दुकान धंसने की दर्दनाक घटना के छह दिन बाद लापता गंगा देवी का शव सोमवार दोपहर बरामद कर लिया गया। उनका शव आगरा किला के सामने नाले के किनारे कूड़े के ढेर में दबा मिला। करीब 120 घंटे बाद मिले शव की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत थी। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
गौरतलब है कि 8 जुलाई को लगातार बारिश के दौरान जामा मस्जिद के पीछे नाले के ऊपर बनी राधा स्वामी क्लॉथ स्टोर की दो मंजिला इमारत अचानक भरभराकर नाले में धंस गई थी। हादसे के समय दुकान के अंदर दुकानदार तुलाराम, उनका नाती कृष्णा, कर्मचारी लाला तथा खरीदारी करने आई अनीता, उनकी मां गंगा देवी और डेढ़ वर्षीय बच्ची अनन्या मौजूद थे।
घटना के तुरंत बाद शुरू किए गए राहत एवं बचाव अभियान में अनीता और उनकी बेटी अनन्या को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद दुकानदार तुलाराम, कृष्णा और कर्मचारी लाला को भी मलबे से निकाल लिया गया, लेकिन सैंया क्षेत्र निवासी गंगा देवी का कोई सुराग नहीं मिला।
गंगा देवी की तलाश में पिछले छह दिनों से प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल नाले से लेकर यमुना नदी तक लगातार अभियान चला रहे थे। सोमवार दोपहर करीब 1:15 बजे आगरा किला के सामने नाले में कूड़े के ढेर के बीच उनका शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में नालों पर बने अवैध निर्माणों और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं गंगा देवी का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।