आगरा में नगर निगम का अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन, अस्पताल पर 30 हजार का जुर्माना; साईं की तकिया से प्रतापपुरा तक चला बुलडोजर
आगरा। नगर निगम की टास्क फोर्स ने सोमवार को शहर में अतिक्रमण और अवैध कब्जों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए साईं की तकिया से प्रतापपुरा तक सड़क और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया। अभियान के दौरान फुटपाथ पर अवैध रूप से पार्किंग संचालित किए जाने के आरोप में एसआर अस्पताल पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल प्रबंधन और नगर निगम की टीम के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
नगर निगम की जेसीबी ने अभियान के दौरान फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए दर्जनों स्थायी एवं पक्के अतिक्रमणों को ध्वस्त किया। सड़क किनारे बने अवैध निर्माण हटाए गए और अतिक्रमण करने वाले कई दुकानदारों पर आर्थिक दंड भी लगाया गया। साथ ही भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अनधिकृत पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नगर निगम का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माने के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।