खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रही महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत, नो-एंट्री पर उठे सवाल
आगरा। आगरा के जीवनी मंडी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रही 65 वर्षीय महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि परिजनों ने नो-एंट्री के बावजूद शहर में ट्रक के प्रवेश पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया।
जानकारी के अनुसार, जीवनी मंडी निवासी सरला देवी (65) बुधवार सुबह खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने गई थीं। सुबह करीब सात बजे वह मंदिर से घर लौट रही थीं। इसी दौरान वाटर वर्क्स की ओर से आ रहे प्लाईवुड से लदे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक का पहिया उनके पैरों के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग जीवनी मंडी पुलिस चौकी पहुंच गए। उन्होंने हादसे पर रोष जताते हुए आरोप लगाया कि नो-एंट्री का समय समाप्त होने के बाद भी भारी वाहन शहर के भीतर कैसे प्रवेश कर गया। लोगों ने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती की मांग की है।