तमिलनाडु एक्सप्रेस में ट्रॉली बैग से मिले मानव अंग, आगरा कैंट स्टेशन पर मचा हड़कंप - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 6 अगस्त 2026

तमिलनाडु एक्सप्रेस में ट्रॉली बैग से मिले मानव अंग, आगरा कैंट स्टेशन पर मचा हड़कंप

तमिलनाडु एक्सप्रेस में ट्रॉली बैग से मिले मानव अंग, आगरा कैंट स्टेशन पर मचा हड़कंप

आगरा। चेन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जनरल कोच में रखे एक लावारिस ट्रॉली बैग से खून रिसता हुआ दिखाई दिया और तेज बदबू आने लगी। यात्रियों की सूचना पर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने बैग को ट्रेन से उतरवाया। बैग खोलने पर उसमें मानव अंगों के अवशेष मिलने से स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब पांच बजे आगरा कैंट स्टेशन पहुंची थी। जनरल बोगी में मौजूद यात्रियों ने एक ट्रॉली बैग से खून रिसने और दुर्गंध आने की सूचना जीआरपी को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बैग को नीचे उतरवाया, लेकिन किसी भी यात्री ने बैग पर अपना दावा नहीं किया।

जीआरपी अधिकारियों ने जब ट्रॉली बैग खोला तो उसमें एक पॉलीबैग के भीतर मानव अंगों के अवशेष मिले, जो काफी हद तक काले पड़ चुके थे। बैग से लगातार खून भी रिस रहा था। प्रारंभिक जांच में बैग पर चेन्नई का पता मिलने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस का अनुमान है कि हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उन्हें छोटे ट्रॉली बैग में भरकर ट्रेन में रखा गया होगा। मानव अंगों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

जीआरपी के अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें जांच में जुट गई हैं। चेन्नई तक जांच का दायरा बढ़ाया गया है और वहां भी एक टीम रवाना की गई है। पुलिस ट्रेन के यात्रियों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ट्रॉली बैग रखने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

video

Pages