आगरा के सदर में 7 कैफे पर पुलिस का छापा, बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मिलीं, आपत्तिजनक सामग्री बरामद
आगरा। आगरा के सदर क्षेत्र स्थित नंद प्लाजा में बुधवार को पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात कैफे पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मिलीं। पुलिस को सभी को पूछताछ के लिए थाने ले जाने हेतु टेम्पो ट्रैवलर मंगानी पड़ी। छापेमारी के दौरान कुछ कैफे से आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, नंद प्लाजा स्थित कुछ कैफे में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के निर्देशन में एलआईयू और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार दोपहर अचानक सात कैफे पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियां कैफे के अंदर मौजूद मिले।
युवक-युवतियों की संख्या अधिक होने के कारण उन्हें थाने ले जाने के लिए पुलिस को टेम्पो ट्रैवलर की व्यवस्था करनी पड़ी। सभी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जहां उनकी पहचान और कैफे में मौजूदगी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद नंद प्लाजा और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ कैफे से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। जिन कैफे में अनियमितताएं और अवैध गतिविधियां पाई गई हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संबंधित कैफे को सील कर दिया गया है और संचालकों सहित अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके परिजनों को भी सूचना दी जाएगी। मामले की जांच जारी है।