मंदिरों के घंटे चुराकर कबाड़ी को बेचते थे शातिर, किरावली पुलिस ने दो को दबोचा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 3 अक्टूबर 2026

मंदिरों के घंटे चुराकर कबाड़ी को बेचते थे शातिर, किरावली पुलिस ने दो को दबोचा

मंदिरों के घंटे चुराकर कबाड़ी को बेचते थे शातिर, किरावली पुलिस ने दो को दबोचा

पंचमुखी बालाजी मंदिर चोरी का खुलासा, सरकारी हैंडपंप का सामान और 8 हजार रुपये बरामद; एक आरोपी पर 14 से अधिक मुकदमे दर्ज

आगरा। मंदिरों को निशाना बनाकर घंटे और अन्य सामान चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को थाना किरावली पुलिस ने गिरफ्तार कर मंदिर चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सरकारी हैंडपंप का सामान और 8 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र के अन्य मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। चोरी किए गए घंटों को कबाड़ी के हाथ 16 हजार रुपये में बेचकर दोनों ने रकम आपस में बांट ली थी।

मामला ग्राम मलिकपुर स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक 22/23 सितंबर की रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर से दो घंटे और नल चोरी कर ले गए थे। मंदिर से चोरी की घटना सामने आने के बाद थाना किरावली में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पुलिस टीमों को लगाया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान और तलाश शुरू की। इसी क्रम में शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने पास के अंडरपास के समीप से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीसिंह पुत्र रामदत्त निवासी कोलाग कला, थाना डौकी और लोकेन्द्र पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी ग्राम जाजऊ, थाना फतेहपुर सीकरी के रूप में हुई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जाजऊ कट के पास स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से हैंडपंप का सामान चोरी किया था। इसके अलावा करीब सात-आठ दिन पहले हनुमान मंदिर और खेड़ा वाकला स्थित जाहरवीर मंदिर से पीतल के घंटे भी चोरी किए थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए घंटों को उन्होंने एक कबाड़ी को 16 हजार रुपये में बेच दिया था। रकम मिलने के बाद दोनों ने पैसे आपस में बांट लिए। आरोपियों ने बताया कि रकम का कुछ हिस्सा मौज-मस्ती और उधार चुकाने में खर्च कर दिया, जबकि बची हुई 8 हजार रुपये की नकदी पुलिस ने बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हरीसिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ आगरा के अलग-अलग थानों में चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में 14 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

मंदिर चोरी की घटनाओं का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी मदन सिंह, निशान्त राठी, अनुज कुमार, भरत त्यागी, अजय बालयान, नितिन शर्मा और अमित शामिल रहे।

video

Pages