24 घंटे में खुला हार्डवेयर दुकान चोरी का राज, मलपुरा पुलिस ने आरोपी दबोचा
एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में, चोरी के पांच बंडल केबल और एलईडी टीवी बरामद; फरार साथी की तलाश जारी
आगरा। मलपुरा थाना क्षेत्र में हार्डवेयर की दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी के पांच बंडल पॉलीटेक पीवीसी केबल और एक बीपीएल एलईडी टीवी बरामद की है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर की रात बच्चा जेल के पास स्थित एक हार्डवेयर की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था। चोर दुकान से तार, एलईडी टीवी, नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। घटना की जानकारी होने पर दुकान स्वामी ने पुलिस को सूचना दी। तहरीर के आधार पर 1 अक्टूबर को थाना मलपुरा में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद मलपुरा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शाहिद उर्फ बनकट निवासी नगला हनुमान, धनौली को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पांच बंडल पॉलीटेक पीवीसी केबल तथा एक बीपीएल एलईडी टीवी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने साथी अब्दुल उर्फ प्रमोद उर्फ पन्न निवासी धनौली के साथ मिलकर दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी का कुछ अन्य सामान और नकदी फरार आरोपी अब्दुल के पास है। इसके बाद पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी और शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मलपुरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा हुआ, वहीं चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ चोरी की पूरी रकम और अन्य सामान बरामद करने में जुटी है।