सिंधी समाज ने भाजपा प्रत्याशियों को खुलकर समर्थन देने का ऐलान किया - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 8 फ़रवरी 2022

सिंधी समाज ने भाजपा प्रत्याशियों को खुलकर समर्थन देने का ऐलान किया

सिंधी समाज ने भाजपा प्रत्याशियों को खुलकर समर्थन देने का ऐलान किया


आगरा संवाददाता । सिंधी समाज ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए आगरा में अपना समर्थन भाजपा प्रत्याशियों को खुल कर दिया है। दरेसी नंबर  दो स्थित होटल लाल्स इन में सिंधी समाज और भारतीय सिंधु समाज आगरा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आगरा उत्तर से भाजपा प्रत्याशी पुरुषोत्तम खंडेलवाल और दक्षिण से योगेंद्र उपाध्याय मौजूद रहे। दोनों ही निवर्तमान विधायकों ने सिंधी समाज का आभार जताते हुए अपनी बात रखी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग मौजूद रहे। सभी ने एकमत से भाजपा को जिताने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदौर से भाजपा सांसद शंकर  लालवानी रहे। विशिष्ट अतिथि थे भारतीय सिंधु सभा के राष्ट्रीय मंत्री अशोक अंगनानी तथा सिंधी सेंट्रल पंचायत आगरा के अध्यक्ष और भारतीय सिंधु सभा के प्रदेश महामंत्री चंद्र प्रकाश सोनी।
 योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे विश्व में भारत का रुतबा बढ़ाया है वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे देश में उत्तर प्रदेश को एक मॉडल के रूप में सामने रखा है। उत्तर प्रदेश में आज ना दंगे होते हैं और ना गुंडागर्दी होती है। जिस शासन की कल्पना हम प्रदेश में किया करते थे उसे मुख्यमंत्री योगी ने साकार किया है। योगेंद्र उपाध्याय ने अपने विकास कार्यो को गिनाते हुए कहा कि आगरा के लिए भरपूर लड़ाई लड़ने के बाद वह यमुना मैया के शहर में गंगा मैया को लाने में कामयाब रहे। आज हर आगरावासी को स्वच्छ पानी मिल रहा है। उपाध्याय ने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र में रिकॉर्ड पानी की टंकियां लगवाई है। सड़कों पर, कॉलोनियों में, मोहल्लों में तमाम विकास कार्य हुए हैं। आगे भी आगरा के लिए इसी तरह विकास के कार्य कराते रहेंगे। उन्होंने सिंधी समाज को अपना समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया।
वहीं आगरा उत्तर से भाजपा प्रत्याशी पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने सिंधी समाज का आभार जताते हुए कहा कि  समाज की पहल राष्ट्र हित में है। वह सिंधी समाज की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। आगरा के विकास के लिए वह पूरी तरह तत्पर रहे हैं। आगे भी उन्हें जनता का आशीर्वाद मिलेगा और वह अपना कार्य जारी रखेंगे। मोदी और योगी के शासन में हर बहन, बेटी सुरक्षित है। व्यापारी सुरक्षित हैं। विकास की गति को और आगरा समेत पूरे प्रदेश के विकास के लिए भाजपा के हाथ में सत्ता बहुत जरूरी है।
 कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदौर के सांसद शंकरलाल लालवानी ने कहा कि पहले यूपी कि हर खबर में बाहुबली सांसद, बाहुबली नेता बाहुबली विधायक जैसे शब्दों का प्रयोग होता था। आज योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार आने के बाद उत्तर प्रदेश पूरी तरह बदल गया है। अब कानून का राज है। पहले हर जगह बदला दिखता था अब यहां बदलाव दिखता है। अब कोई बाहुबली नहीं, जनता के सेवक हैं। जो खुद को बाहुबली समझते हैं वह जेल के अंदर हैं।
 विशिष्ट अतिथि अशोक अंगनानी ने कहा कि सिंधी समाज भाजपा के साथ शुरू से जुड़ा हुआ है। वह अपनी वोट की कीमत जानता है। प्रदेश के समूचे विकास के लिए इस वक्त भाजपा के अलावा कोई भी दल उम्मीद करने के लायक नहीं। सिंधी समाज अपना पूरा समर्थन भाजपा को देता है।
सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी ने कहा कि सिंधी समाज पूरी तरह भाजपा के साथ था, साथ है और साथ रहेगा। 10 मार्च को उत्तर प्रदेश में भाजपा अपनी सरकार फिर से बनाएगी।
 कार्यक्रम का संचालन सिंधी सेंट्रल पंचायत के मुख्य संरक्षक गागन दास रमानी ने किया। इस अवसर पर संरक्षक रोचीराम नागरानी, अध्यक्ष  चन्द्र प्रकाश सोनी, उपाध्यक्ष  घनश्याम दास  देवनानी, परमानन्द अतवानी, दौलत खूबनानी, सुशील नोतनानी, भजनलाल प्रधान, अशोक कोडवानी, मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी, जगदीश डोडानी,किशोर बुधरानी, डॉ किशोर बसंतानी,   अशोक पारवानी, जय प्रकाश केशवानी, लछमन दास गोकलानी, नरेश देवनानी, नन्द लाल आयलनि, अशोक चावला , अशोक गोकानी, लाल एम सोनी,हरीश मोडवानी,   राज कुमार गुरनानी,अमृत माखीजा और किशोर बुधरानी आदि मौजूद रहे।

video

Pages