सेंटा क्लॉज की ड्रेस न पहनने पर नौकरी से निकाला - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 26 दिसंबर 2022

सेंटा क्लॉज की ड्रेस न पहनने पर नौकरी से निकाला

सेंटा क्लॉज की ड्रेस न पहनने पर नौकरी से निकाला

आगरा:-शहर के वी-बाजार में सेंटा क्लॉज की ड्रेस न पहनने पर मैनेजर ने कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया। मामले की जानकारी होने पर हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा और प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
मामला आगरा के राजपुरी चुंगी का है। राजपुर चुंगी पर वी-बाजार है। यहां पर अमित तोमर नामक कर्मचारी काम करता था। अमित ने बताया, "24 दिसंबर को मैं नौकरी पर गया। सभी स्टाफ को सेंटा क्लॉज वाली ड्रेस पहनने के लिए कहा गया। मैंने इसका विरोध किया। मैंने कहा कि मैं सेंटा की ड्रेस नहीं पहनूंगा। मैं हिंदू हूं और ईसाई धर्म को नहीं मानता हूं। वी-बाजार की यूनिफॉर्म होगी तो पहन लूंगा, लेकिन सेंटा की ड्रेस नहीं पहनूंगा।" अमित का आरोप है कि ड्रेस न पहनने पर उसे नौकरी से निकाल दिया गया। उसकी सेलरी भी रोक ली गई है।

कर्मचारी को नौकरी से निकालने पर रविवार को योगी यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारी और कार्यकर्ता वी-बाजार पहुंच गए। उन्होंने जमकर हंगामा और नारेबाजी की। योगी यूथ ब्रिगेड के महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र धाकड़ ने बताया, वी-बाजार में कर्मचारियों को जबरन ईसाई धर्म की ड्रेस पहनाई जा रही है। कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं।" अध्यक्ष अजय तोमर ने कहा, "आज ईसाई धर्म के कपड़े पहनने को बोला गया है। आने वाले दिनों में ईद पर दूसरे धर्म की टोपी लगाने का दबाव डाला जाएगा। जबरन कोई भी ये नहीं कर सकता है। ऐसे में वे मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया।
वहीं, मामले में वी-बाजार के मैनेजर ने मीडिया से बात करने से मना कर दिया।

video

Pages