सूरज न निकलने से कंपकंपी बढ़ी, हीटर और अलाव से ताप रहे लोग - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 2 जनवरी 2023

सूरज न निकलने से कंपकंपी बढ़ी, हीटर और अलाव से ताप रहे लोग

सूरज न निकलने से कंपकंपी बढ़ी, हीटर और अलाव से ताप रहे लोग

आगरा, 02 जनवरी। नए साल के दूसरे दिन शहर कोहरे और ठंड के आगोश में है। सुबह से कोहरा छाया रहा, जो हल्का होने पर भी लगभग पूरे दिन बना रहा। शीतलहर चल रही है, जिससे तापमान में गिरावट आ गई है। सूरज के न निकलने से गलन भरी सर्दी के कारण कंपकंपी होने लगी है। आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ने के आसार हैं। सात जनवरी तक न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर भी नहीं थी। ऐसे में एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। दिन में सभी वाहन लाइट जलाकर धीमे-धीमे चले। शीतलहर के चलते लोग सुबह रजाई में ही दुबके रहे। घर से बाहर निकले पर कंपकंपी का अहसास हुआ। दोपहर तक सूरज नहीं दिखाई दिया। चारों तरफ धुंध ही छाई हुई है। लोग ठंड के बचने को अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं।

मौसम विभाग ने ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। शहर में रविवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री तो न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान सात जनवरी तक 4 डिग्री पहुंच सकता है। इस सप्ताह कोहरे से निजात मिलने की संभावना नहीं है।
कोहरे के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ट्रेनें 12 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। रविवार को पातलकोट एक्सप्रेस 12 घंटे की देरी से आई। गोंडवाना एक्सप्रेस 8 घंटे, तेलगांना एक्सप्रेस 5 घंटे, पटना कोटा एक्सप्रेस 6 घंटे, शान ए भोपाल एक्सप्रेस 6 घंटे की देरी से आगरा कैंट पहुंची। सोमवार को भी ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला जारी है। गतिमान एक्सप्रेस, ताज एक्सप्रेस भी देरी पहुंचीं।

video

Pages