बंद घरों और स्कूलों में चोरी करने वाले 3-चोर गिरफ्तार:भेजा जेल
आगरा के एत्मादपुर तहसील क्षेत्र में बरहन पुलिस ने सोमवार को वाहन चेकिंग के दौरान चोरी के माल सहित तीन चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बरहन थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ रेलवे ब्रिज नगला गोवल पर चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बरहन क्षेत्र में चोरी करने वाले तीन चोर दो टेम्पो में चोरी की फिराक में घूम रहे है। पुलिस ने तत्काल घेराबन्दी कर तीनों चोरों को दबोच लिया। तीनों को पकड़कर पुलिस थाने ले आई। जब पुलिस ने तीनों से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि बरहन क्षेत्र में खेतों पर लगे ट्यूबेल, बंद स्कूलों एवं बंद मकानों में चोरियां करते हैं। दिन में वह टेंपो से रेकी करते हैं और रात में चोरी करते हैं। पकड़े गए शातिर चोरों ने पुलिस को बताया कि वह दिन में ऑटो चलाते थे। रात में सुनसान इलाकों में बने ट्यूबेल और स्कूल और घरों से चोरी की वारदात को अंजाम दिया करते थे। पुलिस ने तारानगर थाना पचोखरा निवासी बबलू थाना अवागढ़ निवासी हरेंद्र ठाकुर और चूलहावली थाना टूंडला निवासी विजय उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है।
एसीपी एत्मादपुर रवि गुप्ता ने बताया कि बबलू इन सब का मास्टर माइंड है। गिरफ्तार किए गए चोरों से 11600 रुपए नकद, एक लोडर और एक ऑटो, एक लैपटॉप, दो इन्वर्टर, एलसीडी, सीपीयू, डीवीआर सहित एक अवैध तमंचा और चोरी का सामान बरामद हुआ है। अपराधी बबलू पर थाना बरहन के अलावा थाना पचोखरा में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
इन तीनों ने मिलकर बरहन थाना क्षेत्र के गांव कुरगवां स्थित एक विद्यालय और दो ट्यूववेल से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इन चोरों को पकड़ने में थानाध्यक्ष बरहन राजीव कुमार, उप निरीक्षक सचिन कुमार सर्विलांस प्रभारी आगरा, और उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह, अंकित कुमार, संदीप कुमार, पतंजलि आदि शामिल रहे।