अटल आवासीय विद्यालयों में प्रवेश आवेदन हेतु अन्तिम तिथि 25 मई तक।
श्रम कार्यालय, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व समस्त प्राथमिक विद्यालय व खण्ड विकास अधिकारी कार्यालयों से निःशुल्क प्राप्त करें आवेदन।
जनपद आगरा:- मण्डलायुक्त अमित गुप्ता की अध्यक्षता में मण्डलायुक्त सभागार में मण्डल के सभी अटल आवासीय विद्यालयों में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा कराये जाने की तैयारियों के विषय पर बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सहायक श्रमायुक्त द्वारा अवगत कराया गया कि अटल आवासीय विद्यालय ग्राम कोरई में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में कक्षा 6 में 80 सीटों पर छात्र-छात्राओं के प्रवेश हेतु दिनांक 18.06.2023 को प्रवेश परीक्षा संचालित है तथा प्रवेश हेतु श्रम कार्यालय में आवेदन जमा करने की अन्तिम तिथि 25.05.2023 है। उक्त हेतु परीक्षा केन्द्र का निर्धारण कर उसका अनुमोदन कराने, परीक्षा हेतु प्रश्नपत्र तैयार कराने, उनकी जांच व छपाई, कक्ष निरीक्षकों की ट्रेनिंग, परीक्षा में भाग लेने वालों बच्चों को प्रवेश पत्र पहुंचाना सुनिश्चित करने पर विचार किया गया तथा समिति से उक्त हेतु सुझाव मांगे गये। बैठक में प्रस्तावित किया गया कि मण्डल स्तर पर मण्डल स्तरीय परीक्षा समिति तथा जनपद में जिला स्तरीय परीक्षा समिति का गठन कर प्रवेश परीक्षा को सम्पन्न कराने तथा प्रवेश परीक्षा का प्रचार प्रसार कराने हेतु एडी बेसिक व मण्डल के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया, जिससे कि उक्त परीक्षा में अधिक से अधिक बच्चे भाग ले सकें। मण्डलायुक्त महोदय ने अटल आवासीय विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा सम्पन्न कराने तथा अधिकतम प्रचार-प्रसार कराने हेतु मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाने को निर्देशित किया।
इस अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक आर0पी0 शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार, शिक्षा अधिकारी विरेन्द्र शर्मा, प्रधानाचार्य, अटल आवासीय विद्यालय श्रीमती सुनीता वशिष्ठ व सहायक श्रमायुक्त पल्लवी अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
----------------