विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर वन में नक्षत्र वाटिका की स्थापना की गई,
आगरा- मऊ वन ब्लॉक में प्रस्तावित नगर वन में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर वन में नक्षत्र वाटिका की स्थापना की गई, जिसमें 27 नक्षत्रों से सम्बन्धित पौधों का रोपण किया गया। साथ ही औषधीय वाटिका की स्थापना की गयी, जिसमें औषधीय गुण वाले पौधों का रोपण किया गया। उक्त जानकारी प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग आदर्श कुमार ने देते हुए बताया है कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मा0 विधायक पुरूषोत्तम खण्डेलवाल, पुलिस आयुक्त प्रीतिदर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ए0 मनीकण्डन, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, आगरा जोन श्रीमती इन्दु शर्मा, प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग आदर्श कुमार, उप वन संरक्षक, राष्ट्रीय चम्बल सेंचुरी प्रोजेक्ट, उ०प्र०, श्रीमति आरूषि मिश्रा, पार्षद देवनगर वार्ड निशांत सिंह, पार्षद वार्ड नं0 36 अमित दिवाकर व स्थानीय लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
मुख्य अतिथि व अन्य व्यक्तियों द्वारा उद्गार व्यक्त किये गये। मुख्य अतिथि द्वारा उक्त नगर वन क्षेत्र को अच्छे प्रकार से विकसित कर नागरिकों के लिए एक अच्छा पार्क विकसित करने हेतु वन विभाग व आम जनों के सहयोग का आहवान किया गया। इसके अतिरिक्त मुख्य अतिथि मा0 विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल द्वारा पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाने हेतु उपस्थित लोगों को शपथ दिलवाई गई। डा0 मनिन्दर कौर, स्वच्छता ब्राण्ड एम्बेसडर नगर निगम आगरा की तरफ से घरेलू अपशिष्ट से कम्पोस्ट बनाने की विधि का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में उ0प्र0 प्रदूषण कन्ट्रोल बोर्ड द्वारा कपड़े के थैले उपलब्ध कराए गए एवं उनका वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त सामाजिक वानिकी प्रभाग, आगरा की समस्त रेंजों में स्थानीय जागरूकता कार्यक्रम व पौधारोपण कार्यक्रम किया गया।