आगरा स्मार्ट सिटी में कराए गए कार्यों की मंडलायुक्त द्वारा की गई समीक्षा, कागजों में सब ठीक, मौके पर नहीं दिखता बदलाव
रोड़ तथा ड्रेन क्लीनिंग, हेतु बनाएं क्यूआरटी टीम, बदलाव के लिए एक माह का समय, शत प्रतिशत डलावघर करें समाप्त
स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आईसीसीसी, आईटीएमएस चालान सिस्टम, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, पोर्टल आधारित उपस्थिति इत्यादि सिस्टम का नहीं किया जा रहा प्रभावी उपयोग,स्मार्ट सिटी और नगर निगम के बीच समन्वय की जरूरत
शहर की सफाई व्यवस्था पर व्यक्त की कड़ी नाराजगी, स्मार्ट सिटी के सभी कंपोनेंट के प्रभावी उपयोग के दिए निर्देश
बैठक में मंडल के सभी नगर निगम, नगर पालिकाओं के कार्यों की समीक्षा,स्मार्ट सिटी के कार्यों के कियान्वयन, शहरों के स्वच्छता सर्वेक्षण, टॉयलेट एवं अन्य नगरीय सुविधाओं के संबंध में दिए निर्देश
आगरा:- मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में स्मार्ट सिटी के कार्यों के कियान्वयन, शहरों में स्वच्छता सर्वेक्षण, टॉयलेट एवं अन्य नगरीय सुविधाओं के संबंध में बैठक संपन्न हुई।
बैठक में मंडलायुक्त द्वारा सर्व प्रथम स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की समीक्षा की जिसमें बताया गया कि लगभग 90 प्रोजेक्ट पर काम कराया गया है, क्रिसिल एजेंसी द्वारा स्मार्ट सिटी के कार्यों हेतु योजना तैयार की गई, जिसमें स्ट्रीट वेंडिग जोन, चौराहों का सौंदर्यीकरण,आईसीसीसी स्थापना, एमएसआई सिस्टम, स्वचालित शौचालय, हेरिटेज वॉक,माइक्रो स्किल डेवलपमेंट सेंटर, स्मार्ट हेल्थ सेंटर, विभिन्न ब्यूटीफिकेशन के कार्य कराए गए हैं, मंडलायुक्त द्वारा स्मार्ट सिटी में कराए गए कार्यों के प्रति नाराजगी व्यक्त की तथा बताया कि स्मार्ट सिटी और नगर निगम के कार्यों में कोई तारतम्य नहीं है, आईसीसीसी, ड्रेनेज, सीवरेज, ट्रैफिक मैनेजमेंट,फुटपाथ, वेंडिग जोन, साफसफाई में कहीं भी जमीन पर प्रभावी बदलाव नहीं आया, मंडलायुक्त द्वारा समस्त व्यवस्था सुधार हेतु 01 माह का समय दिया गया तथा नगरायुक्त की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की, उन्होंने कहा कि आप क्यूआरटी टीम बनाकर जमीन पर मॉनिटरिंग कर सफाई व्यवस्था में बदलाव लाएं व स्मार्ट सिटी व नगर निगम में समन्वय बना कर कार्य का क्रियान्वयन करें, मंडलायुक्त द्वारा शहर के सभी डलावघरों को समाप्त करने, सड़कों पर जलभराव के स्थानों को चिन्हित कर समुचित व्यवस्था करने, सफाई व्यवस्था की प्लानिंग करने,08 दिन में वेंडिंग जोन सक्रिय करने रोड व ड्रेनेज की सफाई हेतु अलग अलग टीम बनाने, सफाई कर्मचारियों की पारदर्शी, तकनीकि आधारित अटेंडेंस व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में शहर के एंट्री प्वाइंट विकसित करने तथा समस्त कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी में कराए गए कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा जरूरी दिशा निर्देश दिए।
मंडलायुक्त द्वारा आज मंडल के नगर निगम तथा नगर पालिकाओं की समीक्षा की गई , उन्होंने आगामी बैठक में नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा हेतु भी निर्देश दिए।
मंडलायुक्त द्वारा बैठक में अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पॉल्यूशन,प्लास्टिक मुक्त, जलापूर्ति, सीवरेज, ड्रेनेज सिस्टम, अवैध होर्डिंग,साफसफाई, जलभराव व गड्ढा मुक्त सड़क, ब्यूटीफिकेशन इत्यादि कार्य प्राथमिकता पर रहेंगे, बैठक में निर्देशित करते हुए कहा कि पर्याप्त संसाधन, स्टाफ, बजट के बाद भी स्मार्ट सिटी में अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ है, उन्होंने दिए निर्देशों का अनुपालन न होने पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने को निर्देशित किया।